होम = Breaking = BSNL जल्द लॉन्च करेगा सैटेलाइट फोन, बिना मोबाइल नेटवर्क भी कर सकेंगे कॉल और SMS

BSNL जल्द लॉन्च करेगा सैटेलाइट फोन, बिना मोबाइल नेटवर्क भी कर सकेंगे कॉल और SMS

by | Jul 10, 2026 | Breaking, News Top

BSNL News: सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने सैटेलाइट कम्युनिकेशन के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए 1.34 लाख रुपये की कीमत वाला सैटेलाइट फोन लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी का उद्देश्य डिफेंस, समुद्री सेवाओं और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भरोसेमंद संचार सुविधा उपलब्ध कराना और सैटेलाइट आधारित सेवाओं का विस्तार करना है।

दूर-दराज इलाकों में भी करेगा काम

BSNL ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि इस सैटेलाइट फोन की कीमत सभी टैक्स समेत 1,34,166 रुपये प्रति यूनिट है। यह फोन विशेष रूप से आपात और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया है। इसकी मदद से उन दूर-दराज और दुर्गम इलाकों में भी वॉइस कॉल और SMS की सुविधा मिलेगी, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होता।

'नेटवर्क नहीं, फिर भी रहेगा संपर्क'

इस टेलीकॉम कंपनी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जब सामान्य मोबाइल नेटवर्क काम नहीं करते, तब भी उसका सैटेलाइट फोन लोगों को जुड़े रहने में मदद करेगा। कंपनी के अनुसार, यह डिवाइस डिफेंस, समुद्री सेवाओं, आपदा राहत, माइनिंग, दूर-दराज के क्षेत्रों में संचालन और एडवेंचर ट्रैवल जैसी परिस्थितियों के लिए खास तौर पर तैयार किया गया है, जहां भरोसेमंद संचार सबसे बड़ी जरूरत होती है।

BSNL के नंबर पर नहीं मिला जवाब

BSNL ने अधिक जानकारी के लिए संपर्क नंबर जारी किया है, हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक नंबर पर तत्काल कोई जवाब नहीं मिला। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने भी शिकायत की कि दिए गए नंबर पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। कंपनी पहले ही बता चुकी है कि वह 2018 से GSPS के जरिए आम लोगों और निजी कंपनियों को सैटेलाइट आधारित वॉइस कॉल और SMS सेवाएं उपलब्ध करा रही है।