Uma Shankar Singh Death: उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के इकलौते विधायक और बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार रात निधन हो गया। 55 वर्षीय उमाशंकर सिंह लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित थे और दिल्ली के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
नेताओं ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीएसपी प्रमुख मायावती और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वहीं, उमाशंकर सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। 1990-91 में वह बलिया के सतीश चंद्र कॉलेज के छात्रसंघ महासचिव चुने गए थे।
तीन बार बने विधायक
उमाशंकर सिंह ने पहली बार 2012 में बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी लगातार जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत बनाए रखी।

