Census 2027: देश में जनगणना 2027 की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। सरकार के मुताबिक, जनगणना का मुख्य काम 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इससे पहले 10 जनवरी से 24 जनवरी तक लोगों को अपनी जानकारी खुद दर्ज करने का विकल्प मिलेगा। जनगणना के लिए 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे को रेफरेंस डेट तय किया गया है। इसके बाद 1 से 5 मार्च तक रिविजनल राउंड चलेगा।
किन राज्यों और इलाकों में नहीं होगी जनगणना?
सरकार के अनुसार, तय कार्यक्रम के तहत चुनाव वाले राज्यों और बर्फ से ढके इलाकों में इस दौरान जनगणना नहीं होगी। चुनाव वाले राज्यों में मणिपुर, गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड शामिल हैं। इसके अलावा लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बर्फ से ढके इलाकों को भी इस प्रक्रिया से छूट दी गई है। बाकी देश में निर्धारित तारीखों पर जनगणना का काम किया जाएगा।
10 से 24 जनवरी तक खुद दर्ज कर सकेंगे जानकारी
जनगणना के लिए लोगों को वैकल्पिक सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा दी गई है। इसके तहत लोग 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 के बीच अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे। यह प्रक्रिया अनिवार्य नहीं होगी, बल्कि लोग अपनी इच्छा से इसका विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक जनगणना की मुख्य प्रक्रिया चलेगी।
क्या है रेफरेंस डेट और रिविजनल राउंड?
जनगणना 2027 के लिए 1 मार्च 2027 की रात 00:00 बजे को रेफरेंस डेट माना जाएगा। इसका मतलब है कि जनगणना के आंकड़े इसी तारीख और समय को आधार बनाकर दर्ज किए जाएंगे। वहीं, 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक रिविजनल राउंड आयोजित होगा। इस दौरान पहले जुटाई गई जानकारियों को दोबारा देखा और जांचा जाएगा। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में जनगणना का पूरा कार्यक्रम बताया गया है।
ये भी पढ़ें: अमेरिका में मिड टर्म चुनाव की उलटी गिनती शुरू, 4.3 करोड़ लोगों ने पहले ही डाला वोट

