Chandauli Codeine Cough Syrup Seizure: पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली में पुलिस ने एक लावारिस ट्रक से करीब 15 लाख रुपये कीमत की 7,200 शीशी प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद की है। सिरप को मुर्गी के दाने की बोरियों के पीछे छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
36 बोरियों में छिपाकर रखी थी खेप
डिप्टी एसपी अरुण कुमार सिंह के अनुसार, अलीनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रिंग रोड पर कोरी गांव के पास एक संदिग्ध ट्रक लावारिस खड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाशी ली। सामने करीब 20 बोरियां मुर्गी के दाने की मिलीं। इन्हें हटाने पर पीछे 36 बोरियों में छिपाकर रखी 7,200 शीशी कोडीन कफ सिरप बरामद हुई।
पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया, जिन्होंने जांच के बाद खेप को अवैध कोडीन कफ सिरप होने की पुष्टि की। बरामदगी की सूचना औषधि विभाग को भी दी गई।
ट्रक के नंबर से जांच जारी
ट्रक का पंजीकरण फिरोजाबाद का है। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द पता लगाया जाएगा कि यह खेप कौन ले जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़े: दिल्ली में चार्जिंग के दौरान ई-स्कूटर की बैटरी में धमाका, एक ही परिवार के 3 भाइयों की मौत

