Char Dham Yatra News: उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन के बीच इस बार चारधाम यात्रा ने अगस्त में नया रिकॉर्ड बनाया है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में कुल 2.31 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे, जो बीते चार साल में अगस्त का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
जुलाई में सुस्त, अगस्त में यात्रा ने पकड़ी रफ्तार
इस साल 19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा की रफ्तार जुलाई में थोड़ी धीमी रही, लेकिन अगस्त में खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली। तेज बारिश, हाईवे बंद होने और भूस्खलन जैसी चुनौतियों के बीच भी इस बार अगस्त में पिछले साल के मुकाबले 93,680 और 2024 की तुलना में 1,18,502 ज्यादा श्रद्धालु चारधाम पहुंचे।
हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं का नया रिकॉर्ड
उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 1 जून से शुरू हुई यात्रा में अब तक 2.89 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जबकि अगस्त में अकेले 67,863 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। खास बात ये है कि पिछले पूरे सीजन का 2.74 लाख का आंकड़ा यात्रा खत्म होने से करीब 40 दिन पहले ही पार हो गया।
चारधाम हेलिकॉप्टर सेवा का दूसरा चरण 15 सितंबर से
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा का दूसरा चरण 15 सितंबर से शुरू होगा। मानसून कमजोर होने और मौसम उड़ानों के लिए अनुकूल रहने की उम्मीद के बीच यह फैसला लिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सहस्रधारा हेलीपोर्ट और सीतापुर में ATC की व्यवस्था की गई है, जबकि बद्रीनाथ और केदारनाथ में भी ATC सुविधा विकसित करने की तैयारी है।

