Char Dham Yatra Halted: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश, भारतीय मौसम विभाग (IMD) के रेड और ऑरेंज अलर्ट तथा यात्रा मार्गों पर कई स्थानों पर हुए भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। गढ़वाल आयुक्त ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मार्ग में मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए और रास्ते पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू कराई जाए।
श्रद्धालुओं से अफवाहों से बचने और प्रशासनिक निर्देश मानने की अपील
प्रशासन ने कहा कि यह निर्णय केवल एहतियात के तौर पर लिया गया है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को मीडिया और अन्य संचार माध्यमों से यात्रियों को समय पर और सटीक जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं। श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने, केवल आधिकारिक सलाह का पालन करने और मौसम सामान्य होने तक जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
रुद्रप्रयाग में नदियों का जलस्तर बढ़ा, सभी विभाग अलर्ट पर
लगातार बारिश के कारण रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़कर चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। नमामि गंगे परियोजना के तहत विकसित घाट पानी में डूब गए हैं। पिछले 24 घंटों में रुद्रप्रयाग में 22 मिमी, ऊखीमठ में 77 मिमी और जखोली में 53 मिमी बारिश दर्ज की गई। ताजा आंकड़ों के अनुसार अलकनंदा का जलस्तर 625.00 मीटर और मंदाकिनी का 624.15 मीटर रिकॉर्ड किया गया। वहीं गंगानगर में 799.90 मीटर और गौरीकुंड में 1,974.12 मीटर जलस्तर दर्ज हुआ। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी विभागों को किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को नदी किनारों से दूर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़े: CJP का दावा- सरकार ने बातचीत के लिए बढ़ाया हाथ, JP Nadda से मिलने पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल

