Thursday, Sep 24

होम = Cover Story Featured = चेस ओलंपियाड से पहले भारतीय टीम की फजीहत! समरकंद पहुंचकर 5 घंटे कमरे के लिए करना पड़ा इंतजार

चेस ओलंपियाड से पहले भारतीय टीम की फजीहत! समरकंद पहुंचकर 5 घंटे कमरे के लिए करना पड़ा इंतजार

Chess Olympiad 2026 India Team: 2026 फिडे चेस ओलंपियाड शुरू होने से पहले डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम को उज्बेकिस्तान के समरकंद में परेशानी का सामना करना पड़ा. डी गुकेश समेत भारतीय खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ एयरपोर्ट पहुंचने के करीब पांच घंटे बाद तक कमरों के आवंटन का इंतजार करते रहे. टीम को यह भी जानकारी नहीं दी गई कि कमरे कब मिलेंगे.

टीम के नॉन-प्लेइंग कप्तान और ग्रैंडमास्टर श्रीनाथ नारायणन ने X पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ओलंपियाड में भारतीय टीम का अनुभव अच्छा नहीं रहा. ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने भी समरकंद को लेकर लिखा कि ओलंपियाड की पहली छाप बेहद खराब है और टीम अभी भी इंतजार कर रही है.

गोल्ड बचाने उतरेगा भारत

भारत 2024 बुडापेस्ट ओलंपियाड का डिफेंडिंग चैंपियन है, जहां पुरुष और महिला दोनों टीमों ने गोल्ड जीता था. पुरुष टीम में डी गुकेश, अर्जुन एरिगैसी, आर. प्रज्ञानानंदा, निहाल सरीन और विदित गुजराती हैं. महिला टीम में कोनेरू हम्पी, आर. वैशाली, दिव्या देशमुख, वंतिका अग्रवाल और साविता श्री बी शामिल हैं.

400 टीमों के साथ बनेगा रिकॉर्ड

टूर्नामेंट का उद्घाटन 15 सितंबर को होगा, जिसके बाद क्लासिकल शतरंज के 11 राउंड खेले जाएंगे. ओपन और महिला वर्ग में कुल 400 टीमें हिस्सा ले रही हैं—208 ओपन और 192 महिला. यह 2024 के 380 टीमों के रिकॉर्ड से अधिक है.

ये भी पढ़े: गुरुग्राम हिट एंड रन: पुलिस से भागने के लिए बनाया पेशाब का बहाना, गिरकर घायल हुआ आरोपी कल्याण बैंसला