Chhath Puja Travel Rush 2026: बिहार और पूर्वांचल का सबसे बड़ा लोकपर्व छठ महापर्व आज यानी 13 नवंबर से शुरू हो रहा है। इस मौके पर दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, चेन्नई समेत देश के बड़े शहरों में रहने वाले लाखों लोग अपने घर लौटने की कोशिश में जुटे हैं। किसी को ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा तो किसी को हवाई सफर के लिए भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, जबकि बिहार और दिल्ली सरकार ने बसों की व्यवस्था की है।
इस साल छठ पूजा 13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होकर 16 नवंबर को उषा अर्घ्य और पारण के साथ संपन्न होगी। ऐसे में घर नहीं पहुंच पाए लोगों के लिए आज का दिन बेहद अहम है।
ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए मारामारी
बिहार जाने वाली ज्यादातर प्रमुख ट्रेनों में बुकिंग रिग्रेट हो चुकी है और दूसरी ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट है। सूरत के उधना स्टेशन से जयनगर जाने वाली ट्रेनों के लिए एक दिन में 37,698 टिकट खरीदे गए।
भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने बिहार और आसपास के क्षेत्रों के लिए 103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है। दक्षिण मध्य रेलवे नवंबर में करीब 400 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की तैयारी में है। इनसे पटना, दरभंगा, छपरा, मुजफ्फरपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और हावड़ा जैसे शहरों तक पहुंचना आसान होगा।
दिल्ली से बिहार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें
मुजफ्फरपुर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन नंबर 05281, 18 नवंबर को सुबह 6:30 बजे मुजफ्फरपुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05282, 19 नवंबर को सुबह 7 बजे आनंद विहार से चलेगी और 21 नवंबर को सुबह 4:50 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
यह ट्रेन गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर और मुरादाबाद होकर गुजरेगी।
इसके अलावा रामनगर-पाटलिपुत्र साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का भी संचालन बढ़ाया गया है। ट्रेन नंबर 05080 रामनगर से 28 नवंबर को अतिरिक्त फेरा लगाएगी, जबकि वापसी में 05079 पाटलिपुत्र से 29 नवंबर को चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर होकर जाएगी। इन व्यवस्थाओं का मकसद त्योहार के बाद वापसी करने वाले यात्रियों को भी सुविधा देना है।
फ्लाइट टिकट के दाम 44 हजार रुपये के पार
ट्रेन में सीट नहीं मिलने के कारण हवाई टिकटों की मांग बढ़ गई है। MakeMyTrip पर 13 नवंबर को उपलब्ध विकल्पों के मुताबिक, दिल्ली से पटना का सबसे सस्ता किराया 15,367 रुपये (स्पाइसजेट की नॉन-स्टॉप फ्लाइट) और सबसे महंगा 30,385 रुपये था।
अन्य शहरों से पटना का किराया इस प्रकार है:
- मुंबई: 18,401 रुपये से शुरू, नॉन-स्टॉप फ्लाइट का न्यूनतम किराया 22,913 रुपये और अधिकतम 30,385 रुपये।
- पुणे: 14,247 से 27,490 रुपये।
- बेंगलुरु: 16,260 से 36,244 रुपये।
- चेन्नई: 17,505 से 41,282 रुपये।
- अहमदाबाद: 20,183 से 34,120 रुपये।
- लखनऊ: 21,452 से 44,625 रुपये। इस रूट पर सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं है।
मुंबई से पटना का 18,401 रुपये वाला विकल्प दिल्ली में एक स्टॉप के साथ उपलब्ध था। ये किराये 13 नवंबर को ट्रैवल वेबसाइट पर दिख रहे विकल्पों के आधार पर हैं। सीटों की उपलब्धता और बुकिंग के समय के अनुसार इनमें बदलाव हो सकता है।
दिल्ली से बिहार के लिए 77 स्पेशल बसें
ट्रेन और फ्लाइट के अलावा दिल्ली और बिहार सरकार ने मिलकर 77 अंतरराज्यीय बसें शुरू की हैं। आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के पांच डिवीजनों के लिए इनका संचालन हो रहा है। इनमें मुजफ्फरपुर के लिए 36, पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया के लिए 10 और दरभंगा के लिए 6 बसें शामिल हैं।
बसों में एसी, नॉन-एसी, स्लीपर और सीटर की सुविधा है। रूट और श्रेणी के हिसाब से यात्रियों को 134 से 1,028 रुपये तक की किराये में छूट दी जा रही है। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को सुरक्षित और किफायती सफर उपलब्ध कराना है।
रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम
छठ के दौरान भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली के आनंद विहार और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां टिकट काउंटर, शौचालय, खानपान की दुकानें, हेल्प डेस्क और अनाउंसमेंट सिस्टम की सुविधा है। वाराणसी, हावड़ा समेत दूसरे प्रमुख स्टेशनों पर भी यात्रियों की व्यवस्थित बोर्डिंग के इंतजाम किए गए हैं।
हावड़ा स्टेशन पर RPF और रेलवे कर्मचारियों की टीमें भीड़ पर नजर रख रही हैं। यहां मेडिकल बूथ भी बनाया गया है। स्टेशनों पर CCTV कैमरों और AI आधारित निगरानी का इस्तेमाल हो रहा है। दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर RPF के 2,040 जवान तैनात किए गए हैं। रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन, प्लेटफॉर्म और समय की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से लेने की अपील की है।
वहीं, मुंबई में सेंट्रल रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ कम करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से रोक दी है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) पर पार्सल बुकिंग और आवाजाही पर भी अस्थायी पाबंदियां लगाई गई हैं। अतिरिक्त सुरक्षा बलों और AI आधारित CCTV निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने और उतरने में मदद मिल सके।
परिवार के साथ छठ मनाने की आखिरी कोशिश
नहाय-खाय से शुरू होने वाले इस चार दिवसीय महापर्व में परिवार के सभी सदस्यों का साथ होना बेहद खास माना जाता है। यही वजह है कि लंबी वेटिंग लिस्ट, महंगे हवाई किराये और भीड़ के बावजूद लोग घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। अब यात्रियों की कोशिश है कि किसी तरह 13 से 16 नवंबर के बीच अपने परिवार के साथ छठ का पर्व मना सकें।
ये भी पढ़े: मुंबई में दिवाली पर आग का तांडव, 7 दिन में 630 से ज्यादा घटनाएं; पटाखों से लगी 450 से अधिक जगह आग

