Friday, Sep 04

होम = Breaking = बच्ची की शिकायत के बाद खुलासा, मेडिकल जांच में यौन उत्पीड़न की पुष्टि

बच्ची की शिकायत के बाद खुलासा, मेडिकल जांच में यौन उत्पीड़न की पुष्टि

Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के नवी मुंबई में स्कूल बस के अंदर 3 साल की बच्ची के यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप स्कूल बस के 30 वर्षीय ड्राइवर पर है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कोर्ट ने आरोपी को शनिवार तक पुलिस कस्टडी में भेजा है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

बच्चे उतर गए, बस में अकेली रह गई मासूम

पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्कूल से छात्रों को लाने-ले जाने के लिए किराए पर ली गई निजी बस का ड्राइवर है। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे उसने कामोठे स्थित एक किंडरगार्टन और प्राइमरी स्कूल के बच्चों को घर छोड़ना शुरू किया। बाकी बच्चे अपने-अपने घरों पर उतर गए, लेकिन 3 साल की बच्ची बस में अकेली रह गई। आरोप है कि इसी दौरान ड्राइवर ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 12 साल से कम उम्र की बच्ची से बलात्कार से जुड़ी BNS की संबंधित धारा और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

दादी को बताई आपबीती, मेडिकल जांच में पुष्टि

घर पहुंचने के बाद बच्ची ने पेट में दर्द की शिकायत की और अपनी दादी को बताया कि बस में ड्राइवर अंकल ने उसके साथ गलत हरकत की। इसके बाद दादी ने स्कूल प्रबंधन को जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मेडिकल जांच में यौन उत्पीड़न की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया। पुलिस स्कूल प्रबंधन के कर्मचारियों के भी बयान दर्ज करेगी। गुरुवार को आरोपी को पनवेल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे शनिवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।