होम = Others = 80 साल पहले चीनी सेना ने किसान से लिया था अनाज, अब चुकाया पूरा कर्ज!

80 साल पहले चीनी सेना ने किसान से लिया था अनाज, अब चुकाया पूरा कर्ज!

by | Jul 29, 2026 | Others

China 80-Year-Old Grain Debt: चीन में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां 1947 के गृहयुद्ध के दौरान किसान डिंग वानमिन से उधार लिया गया 850 किलो से ज्यादा अनाज करीब 80 साल बाद उनके परिवार को लौटाया गया। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, उस समय PLA की एक बड़ी टुकड़ी कुओमिन्तांग के खिलाफ लड़ाई के दौरान दाबी पर्वतीय क्षेत्र पहुंची थी। सैनिकों के पास भोजन खत्म हो चुका था और गांव पहले ही लूटे जा चुके थे। डिंग के बेटे को जबरन सेना में भर्ती भी किया गया था।

इसके बावजूद सैनिकों ने गांववालों के घरों में रहने के बजाय खुले में रहकर अनुशासन दिखाया। प्रभावित होकर डिंग ने अपने परिवार का लगभग पूरा खाद्यान्न भंडार सेना को दे दिया। बदले में उन्हें अनाज की मात्रा, तारीख और अधिकारियों के हस्ताक्षर वाला 'ग्रेन लोन सर्टिफिकेट' मिला।

ईंटों के बीच मिला ऐतिहासिक दस्तावेज

1990 के दशक में पुराना घर तोड़ते समय परिवार को दीवार की ईंटों के बीच यह पीला पड़ा प्रमाणपत्र मिला। डिंग के पोते डिंग गुआंगयी ने इसकी पहचान की। परिवार ने कभी कर्ज वापस नहीं मांगा और इसे इतिहास की निशानी के तौर पर संभालकर रखा।

सरकार ने 2025 में चुकाया कर्ज

2025 में पुराने दस्तावेज जुटाए जाने की जानकारी मिलने पर डिंग गुआंगयी ने प्रमाणपत्र प्रशासन को सौंप दिया। अधिकारियों ने ऐतिहासिक अनाज की कीमत, महंगाई और दस्तावेज के महत्व को देखते हुए परिवार को 70,000 युआन (करीब 10,300 अमेरिकी डॉलर) दिए। गुआंगयी ने इसमें से 20,000 युआन पूर्व सैनिकों की मदद करने वाली संस्था को दान कर दिए।

उन्होंने कहा कि उनके दादा को भरोसा था कि कम्युनिस्ट पार्टी आम लोगों की जिंदगी बेहतर बनाएगी। अब प्रमाणपत्र स्थानीय शहीद स्मारक संग्रहालय में प्रदर्शित है और कहानी चीनी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

ये भी देखे: 1 अगस्त से नैनीताल की माल रोड बनेगी ‘नो हॉर्निंग जोन’, हॉर्न बजाने पर ₹1000 जुर्माना