China Earthquake: देर रात आए भूकंप के झटकों से जम्मू-कश्मीर में लोगों के बीच हलचल मच गई। चीन के शिनजियांग में आए 5.0 तीव्रता के भूकंप का असर सीमा पार तक महसूस किया गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर सामने नहीं आई है।
एक ही दिन में तीन जगह महसूस हुई भूकंप की हलचल
चीन के शिनजियांग में भूकंप आने से पहले गुरुवार को देश के दो अन्य इलाकों में भी धरती हिली थी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, शाम 7:54 बजे लक्षद्वीप सागर में 3.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। वहीं, शाम 6:33 बजे फरीदाबाद में 2.9 तीव्रता के झटके आए। हालांकि, दोनों जगह भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण आमतौर पर लोगों को इनके झटके महसूस नहीं होते हैं।
भूकंप और प्राकृतिक आपदाओं की दोहरी मार झेल रहा हिमालयी क्षेत्र
हाल के महीनों में तिब्बती पठार और हिमालयी क्षेत्रों में भूकंपीय गतिविधियां बढ़ी हैं। इससे पहले 22 अक्टूबर को तिब्बत में 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसका केंद्र ल्हासा से करीब 400 किलोमीटर दूर और गहराई 173 किलोमीटर थी। यह इलाका पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रहा है। अगस्त में नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के हिमस्खलन से आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, बढ़ते तापमान, तेजी से पिघलते ग्लेशियर और चरम मौसमी घटनाएं किंगहाई-तिब्बत पठार में प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ा रही हैं। इससे इस संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में बाढ़, भूस्खलन और अन्य आपदाओं का जोखिम लगातार गहराता जा रहा है।
ये भी पढ़ें: एक के बाद एक भूकंप से कांपी धरती, तिब्बत में 16 की मौत; 3 देशों में भी महसूस हुए झटके

