Wednesday, Aug 26

होम = Cover Story Global = चीन में बाढ़ का खौफनाक मंजर, सड़कें गायब और पानी में डूबीं गाड़ियां

चीन में बाढ़ का खौफनाक मंजर, सड़कें गायब और पानी में डूबीं गाड़ियां

by | Aug 26, 2026 | Cover Story Global

China Flood: चीन के फुजियान प्रांत में ट्रॉपिकल साइक्लोन गैनारी के बाद हुई भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। लॉन्गयान शहर की कई सड़कें पानी में डूब गईं और कुछ इलाकों में कमर तक पानी भर गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में गाड़ियां पानी में फंसी और कई जगह आधी डूबी दिखाई दे रही हैं।

सड़कों पर तेज बहता दिखा पानी

वीडियो में सड़कों पर तेज बहता भूरा पानी नजर आ रहा है। एक वीडियो में बाढ़ के बीच नाव ले जाते हुए लोग दिखाई दिए, जबकि दूसरे में वाहन के अंदर से जलमग्न सड़कों का दृश्य रिकॉर्ड किया गया। वीडियो में दिख रहे पुल, इमारतों और सड़क की बनावट की तुलना पुरानी और सैटेलाइट तस्वीरों से करने के बाद इसकी लोकेशन लॉन्गयान बताई गई है। हालांकि, वीडियो कब रिकॉर्ड किए गए, इसकी सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं है।

फुजियान में रेड अलर्ट

गैनारी के प्रभाव को देखते हुए फुजियान के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। क्वानझोउ प्रशासन ने 25 अगस्त को बारिश की चेतावनी को लेवल-1 तक बढ़ा दिया। वहीं, जिनजियांग मौसम केंद्र ने भी भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया।

24 अगस्त को हुआ था लैंडफॉल

गैनारी ने 24 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे फुजियान में लैंडफॉल किया था। जमीन से टकराने के बाद तूफान कमजोर होकर ट्रॉपिकल स्टॉर्म में बदल गया, लेकिन भारी बारिश का असर बना रहा। इसके कारण कई इलाकों में जलभराव हुआ और यातायात प्रभावित हुआ।

एक साथ चार तूफान सक्रिय

चीन की मौसम एजेंसी के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी प्रशांत महासागर और दक्षिण चीन सागर में इस समय गैनारी, अत्सानी, नारा और सौडेल समेत चार तूफान सक्रिय हैं। अगस्त में इस क्षेत्र में ट्रॉपिकल साइक्लोन आम हैं, लेकिन एक साथ कई तूफानों की सक्रियता मौसम को और चुनौतीपूर्ण बना सकती है। गैनारी अब कमजोर पड़ चुका है, लेकिन भारी बारिश के कारण फुजियान में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/bangladesh-hindu-family-murder-rangpur/