CJP Protest Live Updates: दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी है। सोमवार को जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई थी। अब बारिश के बावजूद सुबह से ही अभिजीत दीपके के समर्थक प्रदर्शन स्थल पर जुटने लगे हैं। CJP शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी हुई है और साफ कह दिया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी।
जेपी नड्डा से मुलाकात बेनतीजा, CJP ने आंदोलन जारी रखने का किया ऐलान
सोमवार को CJP के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की, लेकिन सूत्रों के अनुसार बैठक में उनकी प्रमुख मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। हालांकि, जेपी नड्डा ने प्रतिनिधियों से धरना समाप्त कर सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इसके बावजूद CJP अपने रुख पर कायम है और आंदोलन जारी रखने की बात कह रही है। मंगलवार सुबह से ही जंतर-मंतर पर एक बार फिर हलचल बढ़ने लगी है और प्रदर्शनकारी धीरे-धीरे मौके पर पहुंच रहे हैं।
CJP के समर्थन में उतरी कांग्रेस, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस ने भी अपना समर्थन जताया है। ओडिशा कांग्रेस के नेता संतोष सिंह सलूजा ने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना हर नागरिक का अधिकार और लोकतंत्र की परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि यदि कोई हिंसा करता है या कानून का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज का क्या औचित्य है? कांग्रेस का कहना है कि सरकार को आंदोलनकारियों की मांगों पर संवाद के जरिए समाधान निकालना चाहिए।

