CJP Parliament March: संसद के मानसून सत्र के पहले दिन दिल्ली में सियासी हलचल तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित संसद मार्च को लेकर जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में समर्थक जुटने लगे हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने मार्च की अनुमति नहीं दी है और नई दिल्ली के कई इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जंतर-मंतर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कई रास्तों पर बैरिकेडिंग
प्रदर्शन स्थल के आसपास भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। जंतर-मंतर की ओर जाने वाले कई रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए हैं, जिनमें केरल हाउस के पास का मार्ग और टॉल्स्टॉय मार्ग भी शामिल हैं। फिलहाल लोगों की आवाजाही के लिए सिर्फ एक संकरा रास्ता खुला रखा गया है, जबकि पुलिस पूरे इलाके पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म करने के लिए रखीं तीन शर्तें
सफदरजंग अस्पताल से जारी एक नोट में सोनम वांगचुक ने कहा कि वह 20 जुलाई को अपना अनशन खत्म कर देंगे, लेकिन इसके लिए तीन शर्तें रखी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पेपर लीक जैसी शिक्षा व्यवस्था की नाकामियों की जिम्मेदारी ले, या CJP नेतृत्व को संसद में जाकर सांसदों से इस मुद्दे पर कार्रवाई का भरोसा मिले। यदि स्वास्थ्य कारणों से वह संसद नहीं जा पाते, तो सांसद अस्पताल आकर यही आश्वासन दे सकते हैं।

