CJP Sansad Chalo Protest: दिल्ली के नई दिल्ली इलाके में सोमवार को CJP के 'संसद चलो' विरोध मार्च के दौरान हिंसा भड़क गई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना में 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जबकि करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
दिल्ली पुलिस ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उग्र और हिंसक व्यवहार किया। पुलिस के बार-बार चेतावनी देने और कानूनी निर्देशों के बावजूद उन्होंने प्रदर्शन खत्म नहीं किया और लागू निषेधाज्ञा का जानबूझकर उल्लंघन किया। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पत्थरों और अन्य वस्तुओं से सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और पुलिस व सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की। इससे सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा और कानून-व्यवस्था के साथ पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हुआ।
118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल
घायल पुलिसकर्मियों में स्पेशल कमिश्नर, ज्वाइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर, डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी तथा कई महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि झड़प में करीब 60 प्रदर्शनकारी भी घायल हुए। बाकी घायल पुलिसकर्मियों की मेडिकल-लीगल जांच (MLC) जारी है।
करीब 20 सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त
पुलिस के मुताबिक, हिंसा में करीब 15 से 20 सरकारी वाहनों और अन्य सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ की गई। करीब 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दंगा, सरकारी कर्मचारियों पर हमला, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान और अन्य अपराधों के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) व अन्य लागू कानूनों की धाराओं में FIR दर्ज की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि हिंसक और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़े: राहुल गांधी का बड़ा हमला: ‘टेस्टिंग सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त, छात्रों से माफी मांगें PM मोदी

