होम = Breaking = कॉमनवेल्थ गेम्स: भारत की झोली में 12 मेडल, गुलवीर-हरजिंदर ने जीते सिल्वर

कॉमनवेल्थ गेम्स: भारत की झोली में 12 मेडल, गुलवीर-हरजिंदर ने जीते सिल्वर

by | Jul 29, 2026 | Breaking, News Big, खेल

Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। ग्लासगो में खेलों के पांचवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए। लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस स्पर्धा में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए, जबकि वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर कौर ने भी सिल्वर जीतकर भारत की पदक संख्या 12 पहुंचा दी।

गुलवीर-हरजिंदर ने जीते सिल्वर

पांचवें दिन लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर जीतकर इतिहास रच दिया। इससे पहले वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने कुल 227 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, भारतीय बॉक्सरों ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए तीन अलग-अलग भार वर्गों के सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जिससे भारत के तीन और पदक पक्के हो गए हैं। इन उपलब्धियों के साथ भारत के खाते में अब 2 गोल्ड समेत कुल 12 मेडल हो गए हैं और टीम मेडल टैली में 9वें स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया 35 गोल्ड सहित कुल 80 पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।

तीन भारतीय मुक्केबाजों ने पदक किए पक्के, अब गोल्ड पर नजर

भारतीय मुक्केबाजों ने भी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक पक्के कर लिए हैं। महिला वर्ग में प्रीति पवार और प्रिया घांघस ने अपनी-अपनी भार वर्ग की बाउट जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, पुरुष वर्ग में जादूमणि ने भी दमदार जीत दर्ज करते हुए अंतिम चार में प्रवेश किया। बॉक्सिंग में सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही तीनों खिलाड़ियों का कम से कम ब्रॉन्ज मेडल सुनिश्चित हो गया है। अब उनकी नजर फाइनल में पहुंचकर गोल्ड मेडल जीतने पर होगी।