Friday, Sep 25

होम = Cover Story Latest = मियामी से आया यात्री, बैग में छिपाकर लाया मगरमच्छ का सिर; एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप

मियामी से आया यात्री, बैग में छिपाकर लाया मगरमच्छ का सिर; एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप

Turin Airport: इटली के ट्यूरिन स्थित सांड्रो पर्टिनी एयरपोर्ट पर सामान की सामान्य जांच के दौरान अधिकारियों को यात्री के बैग से मगरमच्छ का सूखा हुआ सिर मिला। सिर को कागज में लपेटकर रखा गया था। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस और कस्टम अधिकारियों ने इसे जब्त कर यात्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

मियामी से आया था यात्री

रिपोर्ट के मुताबिक, इतालवी यात्री अमेरिका के मियामी से आया था और यात्रा के दौरान इस्तांबुल भी गया था। ट्यूरिन एयरपोर्ट पर बैग की तलाशी में अधिकारियों को मृत मगरमच्छ का सिर मिला। आरोप है कि वह इसे सामान्य सामान की तरह अपने साथ ले जा रहा था।

बिना दस्तावेज वन्यजीव नमूना लाने का आरोप

ट्यूरिन के सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, यात्री पर बिना जरूरी सर्टिफिकेट या लाइसेंस संरक्षित प्रजाति का नमूना इटली लाने का आरोप है। दोषी पाए जाने पर उसे 23,200 से 2,32,000 डॉलर तक जुर्माना और 6 महीने से एक साल तक जेल हो सकती है। गर्मियों में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने के कारण एयरपोर्ट पर कस्टम के साथ सामान की जांच बढ़ाई गई है। अधिकारियों की निगरानी नशीले पदार्थों के साथ वन्यजीवों और उनके अंगों की अवैध तस्करी पर भी है।

सोशल मीडिया पर भी चर्चा

मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे वन्यजीवों के प्रति इंसानी लालच बताया। कुछ यूजर्स ने कार्रवाई का समर्थन किया, जबकि एक टिप्पणी में अधिकारियों के मगरमच्छ का सिर पकड़ने पर तंज कसते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी का मुद्दा उठाया। फिलहाल यात्री के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़े: FATF से पहले पाकिस्तान का नया पैंतरा, मसूद अजहर पर 70 लाख का इनाम; रेड बुक में नाम