Monday, Nov 09

होम = खेल = क्रिकेट = CSK से बाहर हो सकते हैं 14.20 करोड़ के प्रशांत वीर, IPL 2027 से पहले बड़ा फैसला लेने की तैयारी

CSK से बाहर हो सकते हैं 14.20 करोड़ के प्रशांत वीर, IPL 2027 से पहले बड़ा फैसला लेने की तैयारी

CSK Prashant Veer: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आईपीएल 2027 की तैयारी में जुट गई है। इसी बीच खबर है कि फ्रेंचाइजी युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर को रिलीज करने पर विचार कर रही है। CSK ने उन्हें पिछले ऑक्शन में 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।

हालांकि, अभी इस फैसले पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। फ्रेंचाइजी 15 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से पहले अपना फैसला ले सकती है।

क्यों रिलीज हो सकते हैं प्रशांत वीर?

Cricbuzz की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशांत वीर आईपीएल 2026 में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने छह मैचों में 90 रन बनाए। उनका सर्वोच्च स्कोर 43 रन रहा। वहीं, गेंदबाजी में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला।

ऐसे में CSK उनके महंगे कॉन्ट्रैक्ट पर दोबारा विचार कर रही है। फ्रेंचाइजी ऑक्शन से पहले अपना पर्स बढ़ाना चाहती है।

कम कीमत पर दोबारा खरीद सकती है CSK

फिलहाल CSK के पास 2.4 करोड़ रुपये का पर्स बचा है। सालाना 5 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के बाद यह रकम 7.4 करोड़ रुपये हो जाएगी।

अगर टीम प्रशांत वीर को रिलीज करती है, तो ऑक्शन के लिए अतिरिक्त पैसा मिल सकता है। हालांकि, फ्रेंचाइजी उन्हें पूरी तरह छोड़ना नहीं चाहती। रिपोर्ट के मुताबिक, CSK मिनी ऑक्शन में उन्हें कम कीमत पर दोबारा खरीदने की कोशिश भी कर सकती है।

कब होगा IPL 2027 का मिनी ऑक्शन?

आईपीएल 2027 के लिए टीमों को 15 नवंबर तक अपनी रिटेंशन और रिलीज लिस्ट सौंपनी है। वहीं, मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल प्रशांत वीर के भविष्य पर CSK के अंतिम फैसले का इंतजार है।