झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी त्रिशा सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को रांची के सिथियो में किया गया। बेटी को अंतिम विदाई देते वक्त मंत्री दीपिका पांडेय सिंह बेहद भावुक नजर आईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुए और मंत्री को सांत्वना दी।
जमशेदपुर हादसे में हुई थी मौत
त्रिशा सिंह की गुरुवार सुबह जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बताया गया कि करीब 3:30 बजे कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
चार लोगों ने गंवाई जान
हादसे में त्रिशा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की भी मौत हुई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के परिवार के प्रति संवेदना जताई।
हेमंत सोरेन ने जताया दुख
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने त्रिशा के निधन पर सोशल मीडिया के जरिए दुख जताया था। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी त्रिशा के निधन पर शोक व्यक्त किया। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। परिवार और करीबी लोगों ने नम आंखों से त्रिशा को अंतिम विदाई दी।
ये भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, जम्मू से पटना तक कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध

