होम = Breaking = बिहार में डेहरी नगर परिषद के EO की हत्या, अज्ञात हमलावरों ने पीट-पीटकर मार डाला

बिहार में डेहरी नगर परिषद के EO की हत्या, अज्ञात हमलावरों ने पीट-पीटकर मार डाला

Bihar News: बिहार के औरंगाबाद जिले में सरकारी अधिकारी की हत्या से सनसनी फैल गई। डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की अज्ञात बदमाशों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर हालत में उन्हें डेहरी स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जमुहार) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पटना जाते समय रास्ते में किया गया हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार डेहरी से बारुण नहर मार्ग होते हुए पटना जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान इलाके में अज्ञात अपराधियों ने उनकी गाड़ी को रोककर उन पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल विमल कुमार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

जांच में जुटी पुलिस, आरोपी अब भी फरार

घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के डीएम और एसपी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और हमलावरों की पहचान भी नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।