Delhi AQI: दिल्ली में बुधवार सुबह वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार दर्ज किया गया। सुबह 7 बजे राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 299 रहा, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। हालांकि, प्रदूषण का स्तर अब भी 'बेहद खराब' श्रेणी की सीमा के करीब बना हुआ है। 58 निगरानी केंद्रों में से 28 पर हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब', जबकि 30 केंद्रों पर 'खराब' दर्ज की गई।
सबसे प्रदूषित इलाकों में चांदनी चौक का AQI 379 रहा। IIT दिल्ली और दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में यह 375, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 374, ITO में 367 और बुराड़ी क्रॉसिंग पर 362 दर्ज किया गया। पूसा में AQI 359 और पंजाबी बाग में 341 रहा। इंडिया गेट पर यह 242 और आनंद विहार में 303 दर्ज किया गया। दिल्ली कैंट एकमात्र ऐसा इलाका रहा, जहां हवा की गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में 117 रही।
दिवाली के बाद बढ़ा था प्रदूषण
दिवाली के दिन दिल्ली का AQI बढ़कर 376 पहुंच गया था। पटाखे फोड़ने और प्रतिकूल मौसम के कारण प्रदूषण में इजाफा हुआ। इसके बाद सोमवार को AQI 344 तक आया और मंगलवार व बुधवार को 299 दर्ज किया गया। तेज हवाओं ने प्रदूषक कणों को फैलाने में मदद की।
स्काईमेट के उपाध्यक्ष और मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के मुताबिक, हवा की दिशा और रफ्तार में बदलाव से स्थिति सुधरी है। उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाएं 12-14 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत गति से चल रही हैं। अगले दो दिनों तक तेज हवाएं जारी रहने की उम्मीद है, जिससे प्रदूषण और कम हो सकता है। दिल्ली के एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम (EWS) ने भी अगले दो दिनों में PM2.5 और PM10 के स्तर में गिरावट का अनुमान जताया है।
NCR में भी मिला-जुला असर
बुधवार सुबह NCR के सभी शहरों में AQI 'खराब' श्रेणी में रहा, लेकिन रुझान अलग-अलग थे। नोएडा का AQI मंगलवार शाम 4 बजे के 301 से घटकर 278, गुरुग्राम का 323 से 292 और फरीदाबाद का 290 से 275 हो गया। वहीं, गाजियाबाद में प्रदूषण बढ़ा और AQI 244 से चढ़कर 282 पहुंच गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, AQI 0-50 अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बेहद खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी में आता है।
ये भी पढ़े: पाकिस्तान ने ईरानी नागरिकों को लेने से किया इनकार, बीच रास्ते से अमेरिका की डिपोर्टेशन फ्लाइट लौटी

