Delhi Chawri Bazar Building Collapse: दिल्ली के चांदनी चौक इलाके के चावड़ी बाजार में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गली सत्तारा के शीश महल इलाके में चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का हिस्सा ढह गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। दिल्ली पुलिस ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है।
छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, NDRF ने संभाला मोर्चा
दिल्ली फायर विभाग के मुताबिक, निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही छह दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
सौरभ भारद्वाज ने सरकार और MCD पर लगाए आरोप
हादसे पर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने X पर पोस्ट कर दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार और एमसीडी को घेरा। उन्होंने कहा कि चावड़ी बाजार और चांदनी चौक में एक और तीन मंजिला इमारत गिर गई है और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
भारद्वाज ने दावा किया कि दिल्ली की इमारतों के कई बार सुरक्षा ऑडिट कराए जाने के बावजूद ऐसे हादसे हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑडिट के आदेश तो दिए गए, लेकिन कार्रवाई के बजाय विभिन्न विभागों में रिश्वतखोरी होती रही।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले दिल्ली पुलिस और एमसीडी पर रिश्वत लेने के आरोप लगते थे, लेकिन रेखा गुप्ता सरकार आने के बाद फायर विभाग और राजस्व विभाग के एसडीएम भी इसमें शामिल हो गए हैं। उनके मुताबिक, रिश्वत देने से इनकार करने वालों की इमारतें एमसीडी सील कर देती है।
भारद्वाज ने ग्रेटर कैलाश-2 मार्केट में दो जिम सील किए जाने का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि उसी दक्षिणी दिल्ली जोन में अन्य जिम और व्यावसायिक इमारतें क्यों खुली हैं। उन्होंने इसे चुनिंदा कार्रवाई बताते हुए सरकार और संबंधित विभागों की जवाबदेही पर सवाल उठाए।
ये भी पढ़े: अमेरिकी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार, ट्रंप-वेंस के बीच बढ़ी तकरार

