Delhi Health Department Scam: दिल्ली स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय में कथित करोड़ों रुपये के घोटाले को लेकर बड़ा एक्शन हुआ है। दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने पूर्व डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज डॉ. वत्सला अग्रवाल समेत दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि सरकारी धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
मामले में हो चुकी है एक गिरफ्तारी
एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) इस मामले में पहले ही डॉ. विनोद कुमार रंगा को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें जांच एजेंसी को कई अहम जानकारियां मिलने का दावा किया गया। ACB का मानना है कि पूछताछ के आधार पर इस कथित घोटाले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई।
दवाओं और मेडिकल खरीद में कथित गड़बड़ी की जांच
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह मामला दवाइयों, सर्जिकल सामान और मेडिकल उपकरणों की खरीद में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) के जरिए कई सौ करोड़ रुपये की खरीद प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन किया गया। CPA, डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) के अधीन कार्य करती है। एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) पूरे मामले में वित्तीय लेन-देन, खरीद प्रक्रिया और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

