Keshav Puram Knife Attack: दिल्ली के केशव पुरम इलाके में एक मामूली विवाद ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। शराब ठेके के बाहर बीड़ी देने से इनकार करने पर कुछ लोगों का दो युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते आरोपियों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बीड़ी देने से इनकार पर शुरू हुआ विवाद
यह पूरी घटना केशव पुरम थाना क्षेत्र के कन्हैया नगर इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान भवानी प्रसाद के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक की पहचान आसाराम के तौर पर हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। आसाराम का अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार, भवानी प्रसाद और आसाराम शराब के ठेके के पास मौजूद थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने भवानी से बीड़ी मांगी। आरोप है कि भवानी ने बीड़ी देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद युवकों से उनका विवाद शुरू हो गया।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही केशव पुरम थाना पुलिस के SHO, क्राइम टीम और FSL टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का जायजा लेकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच के साथ फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

