होम = Others = दिल्ली में आग का कहर, लोधी कॉलोनी में मां और दो बेटियों की जान गई; इलाके में हड़कंप

दिल्ली में आग का कहर, लोधी कॉलोनी में मां और दो बेटियों की जान गई; इलाके में हड़कंप

Lodhi Colony Fire: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक ही परिवार की मां और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जबकि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

सुबह 10:21 बजे मिली आग लगने की सूचना

मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर दमकल विभाग को आग लगने की सूचना मिली। यह घटना लोधी कॉलोनी थाना क्षेत्र की बी.के. दत्त कॉलोनी में हुई, जहां एक रिहायशी मकान में अचानक आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

राहत-बचाव के दौरान मिला दर्दनाक मंजर

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग की दो गाड़ियां और तीन एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। लेकिन जब तक राहत और बचाव अभियान शुरू हुआ, तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने बंद दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। अंदर महिला और उसकी दोनों बेटियां बुरी तरह झुलसी हुई मिलीं। तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें घर से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।