Thursday, Nov 12

होम = Breaking = दिल्ली में 11 KM लंबा छठ घाट तैयार, नितिन नवीन ने किया उद्घाटन; साफ पानी से लेकर CCTV तक की सुविधा

दिल्ली में 11 KM लंबा छठ घाट तैयार, नितिन नवीन ने किया उद्घाटन; साफ पानी से लेकर CCTV तक की सुविधा

Delhi Munak Canal Chhath Ghat: दिल्ली में छठ पूजा की तैयारियों के बीच राजधानी का सबसे लंबा छठ घाट बनकर तैयार हो गया है। उत्तर दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबे इस घाट का उद्घाटन गुरुवार को BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सिंगलपुर गांव के पास किया। यहां छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए साफ पानी से लेकर सुरक्षा तक के इंतजाम किए गए हैं।

नहर में साफ पानी और पक्की सीढ़ियों की व्यवस्था

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, नहर में साफ पानी के लगातार बहाव का इंतजाम किया गया है। अलग-अलग स्थानों पर फव्वारे भी लगाए गए हैं। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के अधिकारियों ने बताया कि हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से मुनक नहर में पानी छोड़ा जा रहा है।

घाट के दोनों किनारों पर पक्की सीढ़ियां और सीमेंट की सड़कें बनाई गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने और पूजा करने में परेशानी न हो।

चेंजिंग रूम से CCTV तक की सुविधा

श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय, टेंट और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा बैठने के लिए बेंच, हरियाली और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी परियोजना का हिस्सा है।

1,400 ट्रक कचरा और मलबा हटाया गया

CM रेखा गुप्ता ने बताया कि पहले नहर के आसपास कचरे, मलबे और झाड़ियों का ढेर था। सफाई अभियान के दौरान करीब 1,400 ट्रक कचरा और मलबा हटाया गया। दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने के बाद इस जगह को छठ घाट के रूप में विकसित किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कई बार मौके पर पहुंचकर काम का जायजा लिया और निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक साल में मुनक नहर की तस्वीर बदल दी गई है।

नितिन नवीन ने की दिल्ली सरकार की तारीफ

उद्घाटन के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पिछले 20 महीनों में अपने संकल्पों को पूरा करने की दिशा में काम किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिस भावना से काम कर रही हैं, उन्हें छठी मैया का आशीर्वाद मिलेगा।

नितिन नवीन ने केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने के फायदे बताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार का लाभ दिल्ली को मिल रहा है। उन्होंने हरियाणा से पानी छोड़े जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इसका फायदा दिल्लीवासियों को मिलता है।

ये भी पढ़े: IIT खड़गपुर में शुरू होगी MD की पढ़ाई, 6 स्पेशलाइजेशन में मिलेंगी 12 सीटें