Delhi NCR Weather: भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले 2-3 दिनों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों तक पहुंच सकता है। विभाग का कहना है कि फिलहाल मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है।
बारिश के साथ बदलेगा मौसम
पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29-31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक रहा। हल्की बारिश के बावजूद नमी बढ़ने से उमस बरकरार रही।
IMD के अनुसार, 30 जून और 1 जुलाई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 2 से 6 जुलाई के बीच व्यापक बारिश की संभावना है, जो मॉनसून के पूरी तरह सक्रिय होने का संकेत होगी। विभाग ने 1 से 3 जुलाई के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है।
तापमान में आएगी बड़ी गिरावट
बारिश के साथ तापमान में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 30 जून को 38-40 डिग्री, 1 जुलाई को 36-38 डिग्री और 2-3 जुलाई तक 32-34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। IMD का अनुमान है कि जुलाई के पहले सप्ताह में तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है, जिससे दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।
आमतौर पर मॉनसून 27 जून तक दिल्ली पहुंच जाता है, लेकिन हाल के वर्षों में देरी देखी गई है। 2025 में यह 29 जून, 2024 में 28 जून, 2022 में 30 जून और 2021 में सबसे देर 13 जुलाई को राजधानी पहुंचा था।
उत्तर प्रदेश में बारिश से राहत
IMD के अनुसार, 30 जून तक मॉनसून मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों तथा हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ इलाकों तक पहुंच चुका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई जिलों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
ये भी पढ़े: गाजियाबाद में ई-रजिस्ट्री के विरोध में वकीलों की हड़ताल, 10 हजार से ज्यादा बैनामे अटके

