Delhi weather update: देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और मॉनसून ट्रफ की स्थिति के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है। वहीं राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश के बाद भी उमस बरकरार है और मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का दिखेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मॉनसून ट्रफ जम्मू, देहरादून, बरेली, गोरखपुर, पटना और बक्सर से होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई इलाकों में बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
मौसम एजेंसियों के मुताबिक सिक्किम, पूर्वोत्तर राज्यों, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में भी अच्छी बारिश के आसार हैं। वहीं पश्चिमी हिमालयी राज्यों, उत्तर पंजाब, गुजरात, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और विदर्भ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में बारिश के बाद बढ़ी उमस
राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन इसके बाद गर्मी और उमस फिर बढ़ गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
तापमान में ज्यादा राहत की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हल्की बारिश की संभावना के बावजूद उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत में अभी मॉनसून रहेगा कमजोर
विशेषज्ञों का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मॉनसून की गतिविधियां सीमित रह सकती हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। अनुमान है कि 20 जुलाई के बाद मॉनसून ट्रफ दक्षिण की ओर खिसकने के साथ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां दोबारा तेज हो सकती हैं।
दिल्ली की हवा 'मध्यम' श्रेणी में
बारिश के बावजूद राजधानी की वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार नहीं देखा गया है। फिलहाल दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 'मध्यम' श्रेणी में बना हुआ है और मौसम में नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें: यमुना सफाई को मिलेगी नई रफ्तार, दिल्ली में CBG परियोजनाओं के लिए MCD और NDDB के बीच हुआ समझौता

