होम = Breaking = दिल्ली-NCR में उमस और तपिश ने बढ़ाई लोगों की परेशानी, IMD ने मौसम को लेकर दिया बड़ा अलर्ट

दिल्ली-NCR में उमस और तपिश ने बढ़ाई लोगों की परेशानी, IMD ने मौसम को लेकर दिया बड़ा अलर्ट

Delhi Weather Today: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों भीषण उमस और लू जैसी गर्मी ने लोगों के जीवन को प्रभावित किया है। हालात ऐसे हैं कि सुबह के मौसम में भी पसीना आ रहा है। हालांकि अब राहत की उम्मीद बंधी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है और अगले 5-6 दिनों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में इसकी दस्तक हो सकती है। वहीं आज भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में दर्ज हुआ अधिकतम वेट-बल्ब टेम्परेचर

दिल्ली में वेट-बल्ब टेम्परेचर (Wet Bulb Temperature) भी काफी ऊंचा दर्ज किया गया। दोपहर 2:30 बजे यह 28.1 डिग्री सेल्सियस और शाम 5:30 बजे 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आसान भाषा में समझें तो वेट-बल्ब टेम्परेचर बताता है कि हवा में मौजूद नमी के कारण शरीर को कितनी गर्मी महसूस होती है। यह वह न्यूनतम तापमान होता है, जहां तक पानी के वाष्पीकरण (Evaporation) के जरिए ठंडक पहुंच सकती है। जब यह तापमान ज्यादा होता है, तो पसीना जल्दी नहीं सूखता और शरीर को ठंडा होने में मुश्किल होती है। यही वजह है कि उमस के दौरान गर्मी सामान्य तापमान से कहीं ज्यादा महसूस होती है।

आईएमडी ने मौसम को लेकर दिया अलर्ट

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार से दिल्ली वालों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। अनुमान है कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि शुक्रवार को यह और गिरकर 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, पूरे दिन उमस ने लोगों का हाल बेहाल रखा। हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) 37% से 70% के बीच रहने की वजह से गर्मी सामान्य तापमान से कहीं ज्यादा महसूस हुई। 'फील्स लाइक' यानी महसूस होने वाला तापमान रात 11:30 बजे 49.1 डिग्री, दोपहर 2:30 बजे 50 डिग्री और शाम 5:30 बजे 50.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।