होम = Breaking = दिल्ली-NCR का बदला मौसम, बारिश और तेज हवाओं ने दी भीषण गर्मी से राहत

दिल्ली-NCR का बदला मौसम, बारिश और तेज हवाओं ने दी भीषण गर्मी से राहत

Delhi NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार की सुबह आसमान में गहरे बादलों के साथ हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को बढ़ती उमस और तपिश से राहत दी। वहीं, मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए दिनभर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

अगले 2-3 दिन और सक्रिय रहेगा मानसून

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कम रहेगा। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण पूरे क्षेत्र में मौसम सुहावना बना हुआ है। विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसूनी गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

IMD ने दी सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर पानी भरने और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।