Delhi Police Protest:दिल्ली पुलिस ने असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) मनस्वी वशिष्ठ को सस्पेंड कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन के बाद यह कार्रवाई की गई। सोमवार को महिला अधिकारियों समेत करीब 150 पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर मनस्वी वशिष्ठ और एक अन्य अधिकारी का ट्रांसफर रद्द करने और उन्हें पुरानी पोस्टिंग पर बहाल करने की मांग की थी।
शाहदरा थाने की घटना से शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला शाहदरा पुलिस स्टेशन में हुई एक घटना से जुड़ा है। यहां हाथापाई के दौरान वकील ललित बंसल के सिर में कथित तौर पर गंभीर चोट आई थी। इसके बाद थाने में वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच टकराव हुआ। विरोध में डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी।
बाद में ACP मनस्वी वशिष्ठ और तत्कालीन SHO इंस्पेक्टर अरुण कुमार का ट्रांसफर कर दिया गया। इसके बाद FIR और शिकायतों की दो महीने तक जांच कराने का आश्वासन मिलने पर वकीलों ने हड़ताल वापस ले ली। हालांकि, इस फैसले से दिल्ली पुलिस के निचले रैंक के कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई।
28 अक्टूबर को हुआ था दोनों अधिकारियों का ट्रांसफर
मनस्वी वशिष्ठ ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार को पत्र लिखकर ओपन हाउस यानी संपर्क सभा बुलाने की मांग भी की थी। 28 अक्टूबर को उनका ट्रांसफर गांधी नगर में सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर के पद से स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर विमेन एंड चिल्ड्रन (SPUWAC) में कर दिया गया था। वहीं, शाहदरा थाने के तत्कालीन SHO इंस्पेक्टर अरुण कुमार को सिक्योरिटी यूनिट भेजा गया था।
ये भी पढ़े: वॉल्ट डिज्नी में हजारों कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी, मैनेजर्स को 20% खर्च घटाने का लक्ष्य

