Delhi Police: जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। पुलिस ने नोएडा की 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं करने का निर्णय लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में कानूनी प्रक्रिया और किशोर होने के पहलू को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
जीरो FIR ट्रांसफर होने के बाद लिया फैसला
यह फैसला उस समय लिया गया, जब मामले में नोएडा में दर्ज जीरो FIR को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में ट्रांसफर किया गया था। पुलिस कानूनी पहलुओं की जांच और राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई पर विचार कर रही थी। अब अधिकारियों ने तय किया है कि 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान वायरल हुआ था वीडियो
यह मामला उस वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिसमें जंतर-मंतर पर आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान एक नाबालिग लड़की कथित तौर पर प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती हुई दिखाई दी थी। यह प्रदर्शन युवाओं के नेतृत्व वाली 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) की ओर से आयोजित किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया और पुलिस ने इसकी जांच शुरू की थी।

