होम = Breaking = दिल्ली के रोहिणी में बारिश के दौरान गिरी इमारत, 3 लोगों की मौत

दिल्ली के रोहिणी में बारिश के दौरान गिरी इमारत, 3 लोगों की मौत

Delhi Rohini Building Collapse: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। इमारत गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धूल का गुबार फैल गया। आशंका है कि कई लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

मलबे से लोगों को निकालने का अभियान जारी

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद मलबे से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। वहीं, ताजा जानकारी के मुताबिक इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल है। एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश में लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही हैं।

मलबे से निकाले गए चार लोग, तीन की मौत

दिल्ली फायर सर्विस ने राहत अभियान के दौरान मलबे से तीन लोगों को बाहर निकाला। इनमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। इससे पहले स्थानीय लोगों ने फायर टीम के पहुंचने से पहले ही एक अन्य व्यक्ति को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस तरह रोहिणी बिल्डिंग हादसे में अब तक कुल तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक घायल का इलाज जारी है।