Wednesday, Sep 02

होम = Breaking = दिल्ली की संजय झील में दर्दनाक हादसा, तीन दोस्तों की डूबने से मौत

दिल्ली की संजय झील में दर्दनाक हादसा, तीन दोस्तों की डूबने से मौत

Sanjay Lake Delhi: दिल्ली के पांडव नगर स्थित संजय झील में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। झील में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतकों की पहचान कल्याणपुरी निवासी साहिल, सौरव और आशीष के रूप में हुई है। पुलिस अब परिजनों और झील के प्रबंधक से पूछताछ के साथ CCTV फुटेज खंगालकर हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

एक को बचाने कूदे दोनों दोस्त, तीनों डूबे

बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम तीनों दोस्त संजय झील में नहाने गए थे। इसी दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दोनों दोस्त भी झील में कूद गए, लेकिन पानी की ज्यादा गहराई और अंदर बने गड्ढों की वजह से तीनों फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। कुछ ही देर में तीनों की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को झील से बाहर निकाला।

पैर फिसलने से हादसे की आशंका

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका है कि झील के अंदर जाने के दौरान तीनों युवकों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में डूब गए। हालांकि, हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। तीनों मृतक कल्याणपुरी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।