Delhi Sarita Vihar Dumper Accident दिल्ली के सरिता विहार इलाके में रविवार तड़के तेज रफ्तार डंपर ने क्रेन और ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के CCTV कैमरे लगाने के काम में जुटे एक HR मैनेजर समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेज रफ्तार डंपर ने क्रेन और ऑटो को मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, हादसा सरिता विहार थाना क्षेत्र के रोड नंबर 13 पर रविवार तड़के करीब 3:20 बजे हुआ। नोएडा की तरफ से आ रहा एक मध्यम आकार का डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया। सड़क किनारे CCTV कैमरे लगाने के काम में जुटे कर्मचारियों के पास एक क्रेन और ऑटो-रिक्शा खड़ा था। तेज रफ्तार डंपर ने दोनों वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी और वहां मौजूद कर्मचारियों को भी कुचल दिया।
तीन ने गंवाई जान, तीन अस्पताल में भर्ती
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के DCP विनीत कुमार के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में HR प्रबंधक सूरज (34), संगम विहार निवासी उमेश (23) और प्रवीण (35) की मौत हो गई। वहीं आकाश (20), अनूप (26) और खेम सिंह (40) घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद सुधीर नाम का एक अन्य व्यक्ति हादसे में बाल-बाल बच गया।
आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार
दिल्ली पुलिस ने हादसे के मामले में लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने हरियाणा नंबर वाले डंपर ट्रक समेत दुर्घटनाग्रस्त क्रेन और ऑटो-रिक्शा को कब्जे में ले लिया है। जांच में ट्रक के मालिक की पहचान फरीदाबाद के खाकड़ी गांव निवासी सागर भड़ाना के रूप में हुई है।

