Wednesday, Sep 09

होम = State = ब्रिक्स सम्मेलन से पहले दिल्ली में ट्रैफिक प्लान सख्त, 35 से ज्यादा सड़कें रहेंगी प्रभावित

ब्रिक्स सम्मेलन से पहले दिल्ली में ट्रैफिक प्लान सख्त, 35 से ज्यादा सड़कें रहेंगी प्रभावित

11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी. विदेशी प्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं और पूरी दिल्ली में नो फ्लाई जोन लागू रहेगा.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर 2026 के बीच आम लोगों की आवाजाही पर ट्रैफिक प्रतिबंधों का असर देखने को मिलेगा. प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम् में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन का विस्तृत खाका तैयार किया है. विदेशी मेहमानों के काफिले की आवाजाही के दौरान कई रास्तों को कुछ समय के लिए बंद या डायवर्ट किया जाएगा.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए 22 डायवर्जन पॉइंट तय किए हैं. नई दिल्ली और वीवीआईपी क्षेत्रों की 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी. ऐसे में 11 से 13 सितंबर के बीच इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.

किन प्रमुख सड़कों पर रहेगा असर?

ट्रैफिक व्यवस्था के तहत मथुरा रोड पर सुब्रमण्यम भारती मार्ग से लोधी रोड फ्लाईओवर तक का हिस्सा, इंडिया गेट सी-हेक्सागन, शांति पथ, अकबर रोड, अशोका रोड, सरदार पटेल मार्ग और पंचशील मार्ग प्रभावित रहेंगे.

इसके अलावा जनपथ, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, सत्य मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग और पृथ्वीराज रोड पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे.

संसद और वीवीआईपी क्षेत्र से जुड़े फिरोजशाह रोड, तुगलक रोड, शेर शाह सूरी मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, तिलक मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड और कर्तव्य पथ भी प्रभावित मार्गों में शामिल हैं. पुराना किला रोड, सफदरजंग रोड, न्याय मार्ग, तीस जनवरी मार्ग और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी.

इन इलाकों में डायवर्जन रहेगा लागू

डब्ल्यू पॉइंट और मंडी हाउस: डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक से मथुरा रोड और तिलक मार्ग की तरफ जाने वाले वाहनों को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी.

सी हेक्सागन और संसद मार्ग: कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ से सी हेक्सागन की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जाएगा. वहीं पटेल चौक से विंडसर प्लेस और संसद मार्ग पर आरबीआई की दिशा में भी आवाजाही प्रभावित रहेगी.

मध्य दिल्ली और धौला कुआं: आरएमएल अस्पताल गोल चक्कर से मदर टेरेसा क्रीसेंट और तालकटोरा रोड की तरफ जाने वाले रास्तों पर प्रतिबंध रहेगा. धौला कुआं फ्लाईओवर से सरदार पटेल मार्ग और मोती बाग से शांति पथ की ओर जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा.

मीर दर्द चौक, महाराजा रणजीत सिंह मार्ग, वंदे मातरम मार्ग, साइमन बोलिवर मार्ग, मदरसा टी पॉइंट, लोधी रोड, ओबेरॉय फ्लाईओवर और रिंग रोड-भैरों रोड पर भी डायवर्जन की व्यवस्था रहेगी. इस दौरान भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी.

सुरक्षा के लिए दिल्ली में कड़े इंतजाम

ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस ने कई स्तर पर व्यवस्था की है. सम्मेलन स्थल और वीवीआईपी होटलों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी.

ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक

सम्मेलन के दौरान पूरी दिल्ली नो फ्लाई जोन रहेगी. ड्रोन के अलावा हॉट एयर बैलून, पैराग्लाइडर, पैरामोटर, हैंग ग्लाइडर और यूएवी जैसी कम ऊंचाई वाली हवाई गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है.

बिना पास प्रवेश नहीं मिलेगा

भारत मंडपम् और वीवीआईपी होटलों में प्रवेश के लिए डिजिटल और बायोमेट्रिक पास की व्यवस्था की गई है. सुरक्षा जांच के दौरान बायोमेट्रिक मिलान जरूरी होगा. बिना अधिकृत पास के किसी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.

7 जोन और 27 सेक्टर में बंटी सुरक्षा व्यवस्था

आईजीआई एयरपोर्ट से लेकर प्रगति मैदान और वीवीआईपी होटलों तक के पूरे क्षेत्र को 7 जोन और 27 सेक्टरों में विभाजित किया गया है. हर जोन की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस के डीसीपी और वरिष्ठ एसीपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है.

11 सितंबर को स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद

ब्रिक्स सम्मेलन की सुरक्षा व्यवस्था के चलते दिल्ली के सरकारी और निजी स्कूल 11 सितंबर, शुक्रवार को बंद रहेंगे. इसके बाद शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण स्कूल सोमवार को खुलेंगे.

दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के कार्यालयों के अलावा सार्वजनिक उपक्रम और स्वायत्त निकाय भी 11 सितंबर को बंद रहेंगे. निजी कंपनियों को कर्मचारियों के लिए घर से काम की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है.

यूजीसी नेट अभ्यर्थियों के लिए भी सलाह

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 9 और 10 सितंबर को होने वाली यूजीसी नेट परीक्षा के अभ्यर्थियों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है. सुरक्षा जांच और संभावित ट्रैफिक डायवर्जन के कारण परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग सकता है. इसलिए अभ्यर्थियों को घर से पर्याप्त समय पहले निकलने को कहा गया है.

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य दिनों से अलग रहेगी. ऐसे में जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को यात्रा से पहले प्रभावित मार्गों और डायवर्जन की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए.