होम = Breaking = दिल्ली में आज मेहरबान रहेगा मौसम, बारिश और तेज आंधी को लेकर IMD का अलर्ट

दिल्ली में आज मेहरबान रहेगा मौसम, बारिश और तेज आंधी को लेकर IMD का अलर्ट

Today Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को शुक्रवार को भी मौसम से राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 26 जून को राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। दिन के समय गर्मी और उमस बनी रह सकती है, लेकिन शाम तक बारिश से तापमान में गिरावट आ सकती है। गुरुवार को भी दिल्ली में बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, हालांकि अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उमस के कारण लोगों को तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हुआ।

IMD ने तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली कड़कने की संभावना है। विभाग ने आंधी-तूफान के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। IMD ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

1 जुलाई तक बारिश और तेज हवाओं के आसार

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश, गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 29 जून से तापमान में गिरावट शुरू होने की संभावना है और 1 जुलाई तक अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।