होम = Breaking = धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे पर तोड़ी चुप्पी, बोले- Gen Z को गुमराह करने की कोशिश हुई, मेरे लिए पद कोई मायने नहीं रखता

धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे पर तोड़ी चुप्पी, बोले- Gen Z को गुमराह करने की कोशिश हुई, मेरे लिए पद कोई मायने नहीं रखता

Dharmendra Pradhan resignation: NEET पेपर लीक विवाद के बीच इस्तीफे को लेकर धर्मेंद्र प्रधान ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है। प्रधान ने कहा कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान Gen Z को गुमराह करने की कोशिश की गई। उन्होंने साफ कहा कि उनके लिए मंत्री पद से ज्यादा जरूरी जिम्मेदारी और देशहित है।

'गो बैक' के नारों पर धर्मेंद्र प्रधान का जवाब

रायराखोल में एक अन्य बैठक के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और BJD अध्यक्ष नवीन पटनायक पर निशाना साधा। एयरपोर्ट के पास BJD की यूथ और स्टूडेंट विंग के कार्यकर्ताओं के विरोध और 'धर्मेंद्र प्रधान गो बैक' के नारों पर उन्होंने कहा कि वह इससे परेशान नहीं हैं। प्रधान ने कहा, "मैं एक किसान का बेटा हूं। अगर आप मुझे वापस जाने के लिए भी कहेंगे, तो मैं वापस आऊंगा।"

'क्या मैंने ओडिशा को शर्मिंदा किया?' प्रधान का सवाल

धर्मेंद्र प्रधान ने नवीन पटनायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ओडिशा के लोगों के बीच बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ हुए प्रदर्शन में युवाओं को शामिल किया गया। प्रधान ने लोगों से पूछा, "क्या मैंने कभी ऐसा कुछ किया है, जिससे ओडिशा के लोगों को शर्म आए?" इस पर वहां मौजूद लोगों ने एक सुर में "नहीं" कहा। उन्होंने कहा कि भले ही वह राज्य का नाम रोशन न कर पाएं, लेकिन उन्होंने कभी ऐसा काम नहीं किया जिससे ओडिशा की बदनामी हो और न ही भविष्य में ऐसा कुछ करेंगे।