Monday, Nov 09

होम = Breaking = भगवान कृष्ण पर बयान देकर फंसे धीरेंद्र शास्त्री, बोले- भावावेश में निकले थे शब्द

भगवान कृष्ण पर बयान देकर फंसे धीरेंद्र शास्त्री, बोले- भावावेश में निकले थे शब्द

by | Nov 2, 2026 | Breaking, Cover Story Top

Dhirendra Shastri Krishna Remark: भगवान श्रीकृष्ण पर विवादित टिप्पणी के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सफाई दी है। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा कि भावावेश में उनके मुंह से कुछ शब्द निकल गए और उनसे भी चूक हो जाती है। दरअसल, कथा के दौरान भगवान राम और कृष्ण की तुलना करते हुए शास्त्री ने कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिस पर विवाद खड़ा हो गया। अब उन्होंने अपनी टिप्पणी पर सफाई पेश की है।

'भाव में कही थी बात, गलत अर्थ निकाला गया'

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उन्होंने भावुक होकर भगवान कृष्ण से उलाहना करते हुए कहा था कि हमारे राम सीधे हैं, जबकि ठाकुर जी टेढ़े हैं। उनके मुताबिक, इस टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला गया और कई जगहों पर अनर्गल बातें शुरू हो गईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी बात को उस भाव में समझा जाना चाहिए, जिसमें उन्होंने कही थी।

राम-कृष्ण में भेद करने का इरादा नहीं था

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वे खुद भगवान कृष्ण और ब्रज के भक्त हैं। उनका इरादा भगवान राम और कृष्ण में भेद पैदा करने का नहीं था। उनके मुताबिक, वीडियो का आधा हिस्सा देखकर उन्हें कृष्ण विरोधी घोषित कर दिया गया। धीरेंद्र शास्त्री ने खुद को कृष्ण विरोधी बताए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वे भगवान कृष्ण के भक्त हैं और कृष्ण जन्मभूमि के लिए भी आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे विनम्र भाव से क्षमा मांगते हैं।

कथा के दौरान राम-कृष्ण की तुलना की थी

दरअसल, करेरा में कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और कृष्ण की तुलना करते हुए कहा था कि कृष्ण तीन जगह से टेढ़े खड़े होते हैं और बांसुरी बजाते हैं, जबकि उनके राम सीधे खड़े होते हैं। उन्होंने भगवान राम के नाम, चाल और रूप को भी सीधा बताया था। इसी टिप्पणी पर विवाद खड़ा हुआ।

ये भी पढ़ें: बिहार रवाना होने से पहले धीरेंद्र शास्त्री का बड़ा बयान, भरत तिवारी एनकाउंटर पर उठाए सवाल