Dholpur Road Accidents: राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार को अलग-अलग इलाकों में हुए तीन भीषण सड़क हादसों ने पूरे जिले को झकझोर दिया। दुर्घटनाओं में दो चचेरे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 2 दर्जन लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल कई लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
पार्वती पुल पर बाइक, कार और केन्ट्रा की टक्कर
पहला हादसा सैपऊ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-123 स्थित पार्वती पुल पर हुआ। बाइक, कार और केन्ट्रा वाहन की टक्कर में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय सत्यभान गंभीर रूप से घायल हुआ। मृतकों की पहचान परौआ निवासी 24 वर्षीय सोनू पुत्र रामसेवक और 23 वर्षीय रवि पुत्र कालीचरन के रूप में हुई है। सत्यभान मसूदपुर निवासी गिर्राज का 17 वर्षीय बेटा है।
पुलिस के मुताबिक, सत्यभान अपनी बहन की ससुराल परौआ आया था और शनिवार को सोनू-रवि उसे बाइक से धौलपुर छोड़ने जा रहे थे। तसीमो कस्बे से पहले पार्वती पुल पर बाइक की सामने से आ रहे केन्ट्रा से टक्कर हो गई। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पुल पर खड़ी कार को माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक नदी में हवन-पूजा सामग्री विसर्जित करने के लिए कार खड़ी किए था। संकरे पुल पर यातायात बाधित होने के दौरान बाइक ने ओवरटेक करने की कोशिश की और केन्ट्रा से भिड़ गई।
सैपऊ थाना प्रभारी प्रमेन्द्र रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और घायल सत्यभान को हायर सेंटर भेजा गया। पुलिस ने बाइक, कार और केन्ट्रा जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
मुंडन संस्कार के लिए जा रहे परिवार की गाड़ी पलटी
दूसरा हादसा बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के नया पुरा मोड़ के पास हुआ। श्रद्धालुओं से भरी मैक्स गाड़ी का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आगरा के ककुआ निवासी 50 वर्षीय रिमला पत्नी दलेल की मौत हो गई और 20 लोग घायल हुए।
एएसआई रामसेवक के अनुसार, परिवार कैला देवी मंदिर में मिश्री और वैष्णवी के मुंडन संस्कार के लिए जा रहा था। घायलों में जीत प्रकाश, राजू, कान्हा, सुरेश, अंशिका, तान्या, आजाद, मनीषा, आर्यन, किरण, रेखा, रेशमा, दो माह की वैष्णवी, शिशुपाल, गोविंद, वंश, अभिराज और नरेंद्र समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं। इनमें 10 गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया।
तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, 2 की मौत
तीसरा हादसा कौलारी थाना क्षेत्र के कोलुआ गांव के पास हुआ। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और 45 वर्षीय हेत सिंह पुत्र सरदार कुशवाहा तथा 13 वर्षीय शिवकुमार पुत्र दर्शन सिंह की मौके पर मौत हो गई।
वहीं 26 वर्षीय केशव कुशवाहा, 18 वर्षीय मनीष और संजू गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल ले जाने के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक, हेत सिंह उधारी की रकम लेने के लिए कार से जा रहे थे। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
तीनों हादसों के बाद धौलपुर में शोक का माहौल है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

