Dominican Plane Crash: कैरेबियन देश डोमिनिकन रिपब्लिक से एक बड़े विमान हादसे की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान एक विमान एयरपोर्ट के रनवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई। फिलहाल हादसे के कारणों और संभावित हताहतों को लेकर जांच जारी है।
पायलट और सह पायलट की हादसे में मौत
डोमिनिकन सिविल एविएशन इंस्टीट्यूट के बयान के अनुसार, विमान हादसे में पायलट और सह-पायलट की मौत हो गई, जबकि विमान में कोई यात्री सवार नहीं था। दुर्घटनाग्रस्त विमान की पहचान गल्फस्ट्रीम G200 जेट के रूप में हुई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। बयान में कहा गया है कि विमान ने ला रोमाना से लगभग 16 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम में उड़ान के दौरान आपातकाल (इमरजेंसी) की घोषणा की थी। इसके बाद विमान एयरपोर्ट लौटने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसी दौरान वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

