Wednesday, Sep 09

होम = मनोरंजन = ‘दृश्यम 3’ में खुलेगा विजय का राज! ट्रेलर में दिखा कहानी पलटने वाला सबूत

‘दृश्यम 3’ में खुलेगा विजय का राज! ट्रेलर में दिखा कहानी पलटने वाला सबूत

by | Sep 9, 2026 | मनोरंजन

Drishyam 3 Trailer Out: अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की कहानी अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गई है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ यानी ‘दृश्यम 3’ का ऑफिशियल ट्रेलर बुधवार को रिलीज हो गया। करीब 2 मिनट 52 सेकंड के इस ट्रेलर में विजय सालगांवकर एक बार फिर अपने परिवार के उस डार्क सीक्रेट को कानून से बचाने की जद्दोजहद करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस बार कहानी में ऐसा सबूत सामने आया है, जो विजय की सालों से बनाई गई पूरी कहानी को मुश्किल में डाल सकता है।

जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की हुई एंट्री

‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। वहीं, तब्बू IG मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी के रोल में वापसी कर रही हैं। इस बार जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री हुई है, जो विजय के खिलाफ जांच को नई दिशा देते नजर आएंगे।

विजय के खिलाफ मजबूत सबूत

ट्रेलर में इस बार विजय और पुलिस के बीच मुकाबला सिर्फ दिमागी खेल तक सीमित नहीं दिखता, बल्कि मामला अस्तित्व की लड़ाई बन चुका है। जयदीप अहलावत क्राइम ब्रांच के SP के किरदार में विजय की चालाकी को समझते नजर आते हैं, जबकि प्रकाश राज का किरदार भी उसे हल्के में लेने से इनकार करता है। ट्रेलर में विजय के खिलाफ ‘बहुत मजबूत सबूत’ होने की बात कही जाती है और उसे ‘गोवा का सबसे बड़ा हार्ड-वर्किंग क्रिमिनल’ तक बताया जाता है। ऐसे में सवाल है कि क्या इस बार विजय अपनी बनाई कहानी को बचा पाएगा?

ढाई साल तक स्क्रिप्ट पर हुआ काम

गोवा में ‘दृश्यम 3’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अजय देवगन ने फिल्म की कहानी और इसे बनाने के सफर पर बात की। उन्होंने बताया कि ‘दृश्यम 2’ के बाद उन्हें खुद नहीं पता था कि फिल्म का तीसरा पार्ट आएगा या नहीं। उनके मुताबिक, पिछली फिल्म जहां खत्म हुई थी, वहीं से कहानी को आगे बढ़ाना और उसमें नए ट्विस्ट-टर्न जोड़ना आसान काम नहीं था। अजय ने बताया कि डायरेक्टर अभिषेक पाठक एक आइडिया लेकर आए, जो सभी को पसंद आया। इसके बाद अभिषेक ने करीब ढाई साल तक राइटर्स के साथ मिलकर स्क्रिप्ट पर काम किया। अजय ने इस स्क्रिप्ट को शानदार बताया।