Friday, Sep 25

होम = State = उत्तर प्रदेश = पश्चिमी यूपी में ड्रोन का आतंक : गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के गांवों में दहशत

पश्चिमी यूपी में ड्रोन का आतंक : गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के गांवों में दहशत

Drone terror in western UP : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों रहस्यमयी ड्रोन की उड़ानों ने ग्रामीणों की नींद उड़ा रखी है। गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय आसमान में संदिग्ध ड्रोन देखे जाने की खबरों ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का दावा है कि ये ड्रोन रात के अंधेरे में चमकती रोशनी के साथ मंडराते हैं, जिससे चोरी, डकैती या अन्य आपराधिक गतिविधियों की आशंका बढ़ गई है।

ड्रोन से इन गावों में दहशत

गाजियाबाद के मोदीनगर और मुरादनगर थाना क्षेत्रों के साथ-साथ हापुड़ के सिंभावली, गढ़मुक्तेश्वर, मेरठ के सरूरपुर और हस्तिनापुर, बिजनौर के धामपुर, नहटौर, स्योहारा, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के ग्रामीण इलाकों में ड्रोन की गतिविधियों की खबरें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात 10 बजे से तड़के 3 बजे के बीच आसमान में रंग-बिरंगी लाइटों के साथ ड्रोन उड़ते दिखाई देते हैं। कुछ स्थानों पर ड्रोन के बाद संदिग्ध गाड़ियों की आवाजाही और चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता को और बढ़ा दिया है।ड्रोन की इन रहस्यमयी उड़ानों ने न केवल ग्रामीणों में भय पैदा किया है, बल्कि अफवाहों को भी हवा दी है। कुछ लोग इसे चोरों द्वारा रेकी का नया तरीका मान रहे हैं, तो कुछ इसे जासूसी या तांत्रिक गतिविधियों से जोड़ रहे हैं।

रातभर जागने और पहरेदारी को मजबूर

ड्रोन की इन घटनाओं ने ग्रामीणों को रातभर जागने और पहरेदारी करने के लिए मजबूर कर दिया है। कई गांवों में लोग टोलियां बनाकर सड़कों और छतों पर गश्त कर रहे हैं। पश्चिमी यूपी के इन जिलों में ड्रोन की उड़ानों ने पुलिस और प्रशासन के लिए एक नई चुनौती पेश की है। ग्रामीणों की सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को जल्द से जल्द इन ड्रोन की उत्पत्ति और मंशा का पता लगाना होगा।

कपिल मेहरा- गाजियाबाद

ये भी पढ़े- यूपी पुलिस का करारा वार! नेता की हत्या में शामिल डबलू यादव को एनकाउंटर में उतारा मौत के घाट

Tags : ghaziabad