Dublin Rome Flight Bomb Threat: यूरोप जा रही एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। डबलिन से रोम जा रहे विमान को सुरक्षा कारणों से अपना रास्ता बदलना पड़ा। धमकी मिलने के बाद विमान को फ्रांस के एक सैन्य एयरबेस की ओर मोड़ दिया गया। फ्रांसीसी प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं।
एयर लिंगस की फ्लाइट ने घोषित की इमरजेंसी
फ्लाइटराडार24 के मुताबिक, एयर लिंगस का विमान पेरिस के पास मुड़ने के बाद एव्रेक्स इलाके के ऊपर चक्कर लगाने लगा। इस दौरान विमान ने उड़ान के बीच आपात स्थिति घोषित की। यूरोप में धमकियों का यह ताजा मामला है। मंगलवार को भी कम से कम सात उड़ानों और एक क्रूज जहाज को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हालांकि, जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
इमरजेंसी कोड जारी कर यात्रियों को उतारा
इस हफ्ते कमर्शियल उड़ानों को लेकर करीब एक दर्जन धमकियां मिली हैं, जो जांच में झूठी निकलीं। इस विमान के पायलटों ने भी आपातकालीन कोड '7700' जारी किया, जिसके बाद फ्लाइट को फ्रांस की ओर मोड़ दिया गया। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को नीचे उतार दिया गया।
ये भी पढ़ें: कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को धमकी देने वाला आरोपी फरीदाबाद से गिरफ्तार, पुलिस पकड़कर जम्मू-कश्मीर लाई

