DUSU Election Voting: दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। चुनाव के लिए छात्रसंघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार पदों पर कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस दौरान एबीवीपी के यश डबास और एनएसयूआई के विजय शंकर मीना पर नजरें रहेंगी। आपको बता दें कि चुनाव के बीच प्रचार के दौरान हुई हिंसा ने चुनाव को और अहम बना दिया है। वहीं, दिल्ली हाईकोर्ट ने पूरे मामले को लेकर डीयू, पुलिस और केंद्र से रिपोर्ट तलब की है, जिस पर आज सुनवाई होगी।
हिंसा के बाद आज हो रही वोटिंग
दिल्ली यूनिवर्सिटी में पिछले दो दिनों से मारपीट, तोड़फोड़ और झड़पों की घटनाओं के बीच आज छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। चुनाव से पहले चार बार हिंसा की घटनाएं सामने आईं, जिसमें कई छात्र घायल हुए। हिंसा को लेकर ABVP और NSUI ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।
बूथों पर पहुंच रहे छात्र
चुनाव के लिए कॉलेजों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छात्र लगातार मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। हिंसा की घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।

