F-16 Crash Chemical Leak: अमेरिका में ट्रेनिंग मिशन के दौरान बड़ा विमान हादसा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मिशिगन की ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी में टेक्सास एयर नेशनल गार्ड का F-16 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पायलट को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि उसे चोटें आई हैं।
हादसे की वजह का पता नहीं चला
टेक्सास मिलिट्री डिपार्टमेंट ने पुष्टि की कि गुरुवार दोपहर F-16 फाइटिंग फाल्कन हादसे का शिकार हुआ। हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पायलट विमान से सुरक्षित बाहर निकल गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। 149वीं फाइटर विंग के प्रवक्ता के मुताबिक पायलट की हालत स्थिर है। ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी शेरिफ ऑफिस की मदद कर रही मिशिगन स्टेट पुलिस ने बताया कि हादसे में फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
खतरनाक केमिकल लीक की आशंका, इलाका कराया गया खाली
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मिशिगन स्टेट पुलिस ने क्रैश वाली जगह के एक मील के दायरे में रहने वाले लोगों को इलाका खाली करने का आदेश दिया है। विमान से खतरनाक केमिकल लीक होने की आशंका के चलते पहले लोगों को घरों में रहने और खिड़की-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी गई थी। हादसे के बाद आसपास की सड़कें भी बंद कर दी गई हैं। वहीं, एयर ट्रैफिक कंट्रोल के ऑडियो से विमान के क्रैश से पहले पक्षी से टकराने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
तेज धमाके के बाद दिखा आग का गोला
स्थानीय निवासी वेंडी सोबेक ने बताया कि उन्होंने और उनके पति ने घर के पास तेज धमाके की आवाज सुनी। पहले उन्हें लगा कि सड़क पर कोई कार दुर्घटनाग्रस्त हुई है। कुछ देर बाद उन्होंने काला धुआं देखा और उनके पति फ्रेड घटनास्थल की ओर गए। फ्रेड ने बताया कि उन्होंने एक खेत में बड़ा आग का गोला देखा। पास का घर और कैंपर सुरक्षित रहे, लेकिन पुलिस ने लगातार हो रहे विस्फोटों के चलते उन्हें घटनास्थल से दूर रहने को कहा।

