Rajdhani express Fire: केरल के त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन आ रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) में रविवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह घटना कोटा रेल मंडल के लूणी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जहां ट्रेन के एक कोच से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित ट्रेन से बाहर निकाल लिया। समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया।
आगजनी वाले कोच में 68 यात्री थे मौजूद
कोच के अंदर उस समय कुल 68 यात्री मौजूद थे, जब धुआं और लपटें दिखाई दीं। ट्रेन गार्ड ने सबसे पहले आग की सूचना दी और तुरंत लोको पायलट को अलर्ट किया, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। एहतियात के तौर पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) सप्लाई बंद कर दी गई और आग को फैलने से रोकने के लिए प्रभावित कोच को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने मौके पर पहुंचकर रेलवे कर्मचारियों के साथ मिलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया में करीब 15 मिनट का समय लगा और कोच को पूरी तरह खाली करा लिया गया। पश्चिम मध्य रेलवे कोटा डिवीजन के अनुसार, सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

