France vs Morocco: फीफा विश्व कप 2026 के पहले क्वार्टर फाइनल में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर लगातार तीसरी बार विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली। 2018 और 2022 के बाद अब 2026 में भी फ्रांस अंतिम-4 में पहुंच गया है। इस जीत के साथ फ्रांस ने अपनी खिताबी दावेदारी और मजबूत कर दी, जबकि मोरक्को का शानदार अभियान क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया।
एम्बाप्पे-डेम्बेले ने दागे गोल
फ्रांस ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मोरक्को के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाए रखा। पहले हाफ में टीम को कई मौके मिले। किलियन एम्बाप्पे पेनल्टी का फायदा नहीं उठा सके और माइकल ओलिस के शानदार असिस्ट पर भी गोल करने से चूक गए। हालांकि, एम्बाप्पे ने 60वें मिनट में गोल कर फ्रांस को बढ़त दिलाई, जबकि उस्मान डेम्बेले ने 66वें मिनट में दूसरा गोल दागकर जीत पक्की कर दी। दूसरी ओर, मोरक्को पूरे मुकाबले में संघर्ष करता रहा, लेकिन गोल करने में नाकाम रहा।
एम्बाप्पे ने छुआ 20 विश्व कप गोल का आंकड़ा
मोरक्को के खिलाफ गोल करते ही किलियन एम्बाप्पे ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। उनके विश्व कप में कुल गोलों की संख्या 20 हो गई है। इस सूची में अब उनसे आगे सिर्फ लियोनेल मेसी हैं, जिनके नाम 21 विश्व कप गोल दर्ज हैं। वहीं गोल्डन बूट की दौड़ में भी एम्बाप्पे शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में अब 8 गोल हैं और वह मेसी के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं, जबकि एर्लिंग हालैंड 7 गोल के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।
फ्रांस की जोड़ी ने रचा इतिहास
फ्रांस के लिए इस विश्व कप में किलियन एम्बाप्पे (8) और उस्मान डेम्बेले (5) ने 5 या उससे ज्यादा गोल किए हैं। इससे पहले 2002 विश्व कप में ब्राजील के रोनाल्डो (8) और रिवाल्डो (5) ने यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं एम्बाप्पे ने 8 गोल और 3 असिस्ट के साथ कुल 11 गोल में योगदान दिया है, जो 1970 में गेर्ड मुलर (10 गोल, 3 असिस्ट) के बाद किसी एक विश्व कप में सबसे बड़ा गोल योगदान है।

