Gautam Adani Meet DK Shivakumar: अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने रविवार को बेंगलुरु में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से मुलाकात की। दोनों की यह मुलाकात ऐसे वक्त हुई है, जब अडानी एंटरप्राइजेज बेंगलुरु के 16.75 किलोमीटर लंबे टनल रोड प्रोजेक्ट के दोनों पैकेजों के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी यानी L1 बनकर उभरी है। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय या अडानी ग्रुप की ओर से अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
टनल रोड प्रोजेक्ट में अडानी की सबसे कम बोली
गौतम अडानी और डीके शिवकुमार की मुलाकात का समय इसलिए अहम है, क्योंकि दिसंबर 2025 में अडानी एंटरप्राइजेज ने 16.75 किलोमीटर लंबे टनल रोड प्रोजेक्ट के दोनों पैकेजों के लिए सबसे कम बोली लगाई थी। सरकार ने प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 17,698 करोड़ रुपये रखी थी, जबकि अडानी ग्रुप ने करीब 22,267 करोड़ रुपये की बोली लगाई, जो सरकारी अनुमान से लगभग 4,600 करोड़ रुपये ज्यादा है।
ठेका अभी अडानी को नहीं मिला
अडानी एंटरप्राइजेज के L1 रहने के बावजूद टनल रोड प्रोजेक्ट का ठेका अभी कंपनी को आधिकारिक तौर पर नहीं मिला है। सूत्रों के मुताबिक, प्रोजेक्ट की SPV B-SMILE ने 29 मई को इससे जुड़ी फाइल राज्य सरकार को भेजी थी। वहीं, अडानी की बोली तय सरकारी अनुमान से ज्यादा होने के कारण अब प्रोजेक्ट के लिए कैबिनेट की मंजूरी जरूरी हो गई है।

