Gold Price Fall: अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले से पहले सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने महंगाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है, जिससे फेड के ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख की आशंका बढ़ी है। इसका असर गोल्ड पर भी दिख रहा है, क्योंकि ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद के बीच निवेशकों का रुझान बिना ब्याज वाली संपत्ति से कमजोर पड़ सकता है। फेड की बैठक 15 सितंबर से शुरू हो चुकी है और इसके फैसले का ऐलान 16 सितंबर को होगा।
लगातार तीसरे दिन सस्ता हुआ सोना
एक दिन की स्थिरता के बाद सोने की कीमतों में आज फिर गिरावट देखने को मिली। यह लगातार तीसरा दिन है जब गोल्ड के भाव नीचे आए हैं। पिछले तीन दिनों में 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत ₹1,420 और 22 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत ₹1,310 कम हुई है। हालांकि, आज दोनों की कीमतों में ₹10 की गिरावट दर्ज की गई।
4 दिन बाद चांदी के भाव में गिरावट
चांदी के भाव में चार दिन की स्थिरता के बाद आज मामूली गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में एक किलो चांदी ₹100 सस्ती होकर ₹2,44,900 पर आ गई है। मुंबई और कोलकाता में भी चांदी इसी भाव पर बिक रही है। वहीं, चेन्नई में एक किलो चांदी की कीमत ₹2,49,900 है, यानी चारों प्रमुख महानगरों में यहां चांदी सबसे महंगी है। इससे पहले 11 सितंबर को चांदी के भाव में ₹10,000 की गिरावट आई थी, जबकि 10 सितंबर को कीमत ₹5,000 बढ़ी थी।
सोने पर दबाव, लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी की उम्मीद
केसीएम ट्रेड के चीफ मार्केट एनालिस्ट टिम वाटरर के मुताबिक, फिलहाल गोल्ड के लिए बाजार का माहौल चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि एनर्जी की बढ़ती कीमतों के साथ अमेरिकी फेडरल रिजर्व और बैंक ऑफ जापान की बैठकों से पहले ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका भी सोने पर दबाव बढ़ा रही है। हालांकि, जियोपॉलिटिकल तनाव और ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच सोने की कीमतों में निचले स्तर पर खरीदारी देखने को मिल सकती है।

